ऊना। जिले के सरकारी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। स्कूलों में रोजाना करीब 15 से 20 बच्चे स्कूलों में दाखिला लेने पहुंच रहे हैं। बिना विलंब शुल्क 25 अप्रैल तक दाखिले होंगे। इसके बाद विद्यार्थियों को दाखिला लेने पर 10 रुपये का विलंब शुल्क चुकाना होगा।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक सरकारी स्कूलों में पहले से अध्ययनरत बच्चे पास होने के बाद अगली कक्षाओं में प्रवेश ले रहे हैं। छठी से बारहवीं तक करीब 65 प्रतिशत विद्यार्थी दाखिला ले चुके हैं। दाखिला लेने वालों में सबसे अधिक उत्साह छठी से आठवीं तक की कक्षाओं के बच्चों में नजर आ रहा है। इन कक्षाओं में पास होकर पहुंचने वाले कुल विद्यार्थियों में से 90 प्रतिशत बच्चे दाखिला ले चुके हैं। 11वीं व 12वीं में अभी कम संख्या में दाखिले हुए हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि नौवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएं हाल में ही संपन्न हुई है। 9वीं और 10वीं कक्षाओं में भी कुल विद्यार्थियों में से 70 प्रतिशत तक दाखिला ले चुके हैं। 11वीं और 12वीं कक्षा में अभी तक केवल 40 प्रतिशत के आसपास ही दाखिले हुए हैं। जिले के सरकारी स्कूलों में छठी से बारहवीं तक कुल 37000 के आसपास विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। इन विद्यार्थियों में से 24000 दाखिला ले चुके हैं।
रावमापा (बाल) ऊना के प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार रायजादा ने बताया कि छठी से आठवीं तक की कक्षाओं में 90 प्रतिशत बच्चे दाखिला ले चुके हैं। उम्मीद है कि बाकी विद्यार्थी भी 25 अप्रैल से पहले स्कूल आ जाएंगे। बड़ी कक्षाओं में अभी दाखिला कम हुआ है। जिला उच्च शिक्षा उपनिदेशक ने कहा कि बड़ी कक्षाओं की परीक्षाएं कुछ दिन पहले ही समाप्त हुई हैं। 25 अप्रैल से पहले प्रवेश प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्मीद है।