नंगल। नंगल के वार्ड पांच के तहत पड़ते इंदिरा नगर की न्यू कॉलोनी में डायरिया के मामले आए हैं। दूषित पानी की आपूर्ति को इसका कारण बताया जा रहा है। दूषित पानी के सेवन के चलते कॉलोनी के एक दर्जन से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं।
सोमवार को नंगल नगर कौंसिल के अध्यक्ष संजय साहनी ने वार्ड पांच का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों साफ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि एक दो दिन में इस समस्या से क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाएगी। तब तक टैंकरों से शुद्ध पेयजल मुहैया करवाया जाएगा। इस दौरान नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी मनजिंद्र सिंह व एमई युद्धवीर भी मौजूद रहे।
इस दौरान नंगल के वार्ड के पांच के तहत न्यू कॉलोनी के निवासी हेमंत कुमार, मंजू सेन, मेघा, कर्णदीप सिंह, रिया ने कहा कि बीते चार पांच दिनों से कॉलोनी में गंदा पानी आ रहा है। इससे उल्टी दस्त से लोग ग्रस्त हो रहे हैं। इनका कहना है कि पानी को गर्म करने पर सिल्ट दिखाई दे रही है। नंगल नगर कौंसिल के सुपरवाइजर दिनेश कुमार ने कहा कि इस समस्या का हल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।