भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में पिछले कुछ दिनों से लगातार मां के भक्त सोना-चांदी से बने मुकुट, छत्र और अन्य सामान मां के चरणों में श्रद्घा से दान कर रहे हैं।
इसी कड़ी में सोमवार को चंडीगढ़ के एक श्रद्धालु भगवान मित्तल ने माता रानी के चरणों में 4.5 किलोग्राम चांदी से बने बर्तन मंदिर में दान किए हैं। दान किए गए बर्तनों की कीमत तीन लाख रुपये के आसपास बताई गई है। मंदिर में एक अन्य श्रद्धालु की ओर से मंदिर ट्रस्ट को दिव्यांग और बुजर्ग श्रद्धालुओं के लिए व्हील चेयर भी दान दी गई है। चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालु नकद चढ़ावे के साथ सोना-चांदी के छत्र मुकुट भी मां के चरणों में दान करते हैं। कुछ दिन पहले ही हरिद्वार और गंगानगर के श्रद्धालुओं की ओर से चिंतपूर्णी मंदिर में चांदी का छत्र चढ़ाया गया था।
उधर, मंदिर अधिकारी बलबंत सिंह ने बताया कि मां के भक्तों की माता रानी के प्रति अपार श्रद्धा है। यही कारण है कि मां के भक्त यहां दिल खोलकर दान करते हैं। बताया कि व्हील चेयर को दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।