ऊना। शहर के एमसी पार्क के सामने क्षेत्रीय मेले का उपायुक्त राघव शर्मा ने शुभारंभ किया। यह क्षेत्रीय मेला 18 से 25 सितंबर तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मेले में प्रदेश की स्वयं सहायता समूहों ने लगभग 55 स्टाल लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को उनके द्वारा निर्मित उत्पादों को प्लेटफार्म देना है। उन्होंने ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को उनके उत्पादों की बिक्री के लिए पैकिंग मैटिरियल डीआरडीए के माध्यम से मुहैया करवाया गया है। इस पर ब्रांड का नाम अंकित किया गया है।
मेले में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित तेल, सेवइयां, बड़ियां, सिरका, शहद, पापड़, मसाले, चटनी, जैम, आचार, मिठाई, हल्दी और जूते सहित बांस के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि मेले से स्थानीय उत्पादनों को अधिक से अधिक अपनाने के लिए भी प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी स्वयं सहायता समूह पीओ डीआरडीए से अपना उत्पाद पंजीकृत करवाकर मेले में प्रदर्शनी लगा सकता है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाया गए उत्पादों को सोमभद्रा ब्रांड का नाम दिया गया है।
उन्होंने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि वह मेले में अवश्य आएं और वोकल फॉर लोकल ट्रेड फेयर को बढ़ावा दें। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पीओ डीआरडीए संजीव ठाकुर, बीडीओ ऊना रमनबीर चौहान सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।