चिंतपूर्णी में व्यवस्थाअों का जायजा लेते ऊना के डीसी।
- फोटो : अमर उजाला
डीसी ऊना एवं मंदिर आयुक्त यूनुस ने शुक्रवार दोपहर को मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान चिंतपूर्णी में उन्होंने श्रद्धालुओं को दी जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। डीसी ने मंदिर के साथ बन रहे शौचालयों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही माथा टेकने के उपरांत उन्होंने पैदल ही पूरे बाजार का दौरा किया और अव्यवस्थाओं की जांच की। इसके बाद उन्होंने करोड़ों की लागत से बन रहे मल्टी कांप्लेक्स का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को न्यास की ओर से हर जरूरी सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। मंदिर के पास बन रहे शौचालयों को इन नवरात्रों में चालू कर दिया जाएगा। इसके अलावा मंदिर रोड पर जगह न होने के कारण शौचालय बनाने में दिक्कत हो रही है। भिखारियों और ट्रैफिक समस्या से शीघ्र लोगों को निजात दिलाई जाएगी और इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। सड़क पर घूम रहे लावारिस पशुओं की समस्या का भी शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस दौरान उनके साथ एसडीएम सुनील वर्मा, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान, आरके जसवाल भी मौजूद थे।