स्वास्थ्य विभाग के सुस्त रवैये से बिजली गुल होने पर मरीजों के साथ स्टाफ रहता है परेशान
चिंतपूर्णी विधानसभा समेत पंजाब सीमा से सटे गांवों को भी मिलती हैं स्वास्थ्य सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर लगाने की प्रक्रिया फाइलों के फेर में फंस गई है। यह केंद्र गगरेट विधानसभा के करीब दो दर्जन गांवों के साथ चिंतपूर्णी विधानसभा और पंजाब सीमा से सरे गांवों को भी स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करता है। इसमें स्वास्थ्य सुविधाएं सिफर हैं। अस्पताल को अस्तित्व में आए 50 साल हो गए हैं लेकिन इसकी दशा सुधारने में सरकारों ने कभी दिलचस्पी नहीं दिखाई है। लगभग छह माह पूर्व गगरेट को नया विधायक मिला तो दौलतपुर चौक अस्पताल में जनरेटर लगाने का दावा किया गया और बजट प्रावधान की भी बात की गई। लगभग छह माह बाद भी जनरेटर फाइलों के फेर में फंसा हुआ है। वहीं, रैंप के लिए भी बजट मंजूर हुए लगभग छह माह हो चुके हैं लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आती। स्थानीय लोगों की मानें तो लंबे समय से जनरेटर के खोखले दावे सुन रहे हैं। पूर्व सरकारों में रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह मुद्दा उठता आ रहा है। बावजूद इसके कोई भी कार्य धरातल पर नहीं उतर पाया है, जो विभाग के सुस्त रवैये और कार्य प्रणाली की पोल खोलता है। दौलतपुर चौक अस्पताल में इससे पहले भी कई बार इमरजेंसी सुविधाओं में जनरेटर की कमी खल चुकी है। बिजली विभाग के कट के समय मरीजों सहित रोजमर्रा के कामों में आने वाले लोगों को यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि लाइट नहीं है। सर्दियों में हीटर की आवश्यकता मरीजों को रहती है, लेकिन इससे प्रशासन का कोई सरोकार मालूम नहीं होता।
बाक्स
एक मौका, एक उम्मीद संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि दौलतपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दूर-दूर से लोग इलाज करवाने आते हैं लेकिन मूलभूत सुविधाएं न होने से मरीजों को परेशानी होती है। प्रशासन को दौलतपुर अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती करनी चाहिए। इसके अलावा प्रशासन को अन्य सुविधाओं के लिए काम करना चाहिये।
बाक्स
समाजसेवी मनीष शारदा ने कहा कि दौलतपुर अस्पताल में बिजली गुल होने पर मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ती। इससे बाकी सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। समय रहते अस्पताल प्रशासन को इसके लिए उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
बाक्स
गगरेट ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज पराशर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग दौलतपुर चौक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की समस्या के लिए जनरेटर लगाने के लिए गंभीर है। विभाग ने एक प्रस्ताव डायरेक्टर हेल्थ सर्विस को भी भेजा है। इसके अलावा विभाग एक प्रस्ताव गगरेट के विधायक राकेश कालिया से मार्क करवाकर डीसी ऊना को भी भेजा है। फंड मिलते ही दौलतपुर चौक अस्पताल में जनरेटर लगवा दिया जाएगा।