उपमंडल के अठवां में एक निजी उद्योग में कार्यरत 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक को उद्योग में स्थित बाथरूम में बेसुध पाया गया, जिसे उद्योग की एंबुलेंस में एफआरयू गगरेट में दाखिल करवाया गया। यहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक उपमंडल अंब के तहत अठवां में एक निजी उद्योग में कार्यरत राजेंद्र धीमान निवासी कुठेड़ा खैरला वीरवार को दोपहर की शिफ्ट में काम खत्म करने के बाद छुट्टी होने पर उद्योग परिसर के अंदर ही बाथरूम गया। जब बहुत देर तक बाहर नहीं निकला तो किसी अनहोनी की आशंका की संभावना जताते हुए उसके सहयोगियों ने बाथरूम की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो युवक वहां बेसुध पड़ा था। उधर, अंब के डीएसपी जितेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक का जिला चिकित्सालय ऊना में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही उसकी मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत जांच शुरू कर दी है।