उपमंडल अंब के कुठेड़ा खैरला में चोरों ने एक उद्योग को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। शातिर खिड़की की ग्रिल तोड़कर उद्योग कार्यालय से भारी मात्रा में सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को चोरों ने स्वदेशी केमिकल मिल बाबा पिंडीदास आश्रम रोड कुठेड़ा खैरला के कार्यालय भवन को अपना निशाना बनाया। चोरों ने पहले तो भवन के मुख्य शटर का ताला तोड़ा, लेकिन उनका सेंटर लॉक नहीं तोड़ पाए। इसके बाद उन्होंने भवन की खिड़की की ग्रिल तोड़ी और अंदर घुस गए। व्यापारी सतीश कुमार ने बताया कि चोरों ने एक कंप्यूटर, ग्यारह हजार रुपये के सिक्के, टॉयलेट सोप और चाय के थैलों सहित कुल लगभग दो लाख रुपये का सामान चुरा लिया। उधर, सब इंस्पेक्टर स्वरूप जरियाल ने बताया कि पुलिस के पास चोरी की शिकायत आई है। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है।
एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।