उपमंडल के कुठेड़ा खैरला में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी सहित गहनों पर हाथ साफ कर लिया। चोर घर के सदस्यों की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर अलग-अलग अलमारियों में रखे करीब दो लाख रुपये सहित स्वर्ण आभूषण ले उड़े। चोरी की वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले के संदर्भ में आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक उपमंडल अंब के तहत कुठेड़ा खैरला गांव निवासी कृष्णा गोस्वामी ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनके भाई की मृत्यु के चलते वह और उनके परिवार के सदस्य 22 अगस्त से ही घर पर नहीं थे। बीच-बीच में वह घर आते भी रहे। पिछली बार वह लगभग छह दिन पूर्व शनिवार को घर आए थे।
इसके बाद वह दो सितंबर को जब अपने घर आया तो पाया कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाने पर पाया गया कि चोरों ने दो अलमारियों में रखे लगभग दो लाख सहित सोने की दो अंगुठी, एक चेन तथा झुमके चुरा लिए थे। इसके अलावा एक एटीएम कार्ड, एक कैमरा, तीन घड़ियां और कपड़े भी गायब हैं। उधर, थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।