बंगाणा-ऊना रोड पर कार व ऑटो रिक्शा की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कुरियाला निवासी मुनीष (30) ऑटो रिक्शा में समूर की ओर जा रहा था कि एक तेज रफ्तार सूमो कार ने उसे जोरदार टक्कर दे मारी। हादसे में मुनीष को गंभीर चोटें पहुंची है। स्थानीय लोगों की मदद से मुनीष को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज जारी है।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे दबोच लिया। युवक कथित तौर पर नशे में धुत्त बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक का मेडिकल परीक्षण ऊना अस्पताल में करवाया है। बताया जा रहा है कि ऑटो व कार चालक दोनों ही अलग-अलग स्कूलों से बच्चों को लेने जा रहे थे, तभी समूर रास्ते में ही हादसा हो गया। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जंाच कर रही है। घायल के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। मामले को लेकर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।