ऊना। क्षेत्र के अंब-ऊना मार्ग पर स्थित गैस एजेंसी के पास दोपहर बाद अचानक उस समय अफरार-तफरी मच गई, जब एक पेट्रोल से भरे टैंकर के इंजन में अचानक आग भड़क गई।
इसे ट्रक चालक घबरा गया और उसने ट्रक को बीच सड़क पर रोक कर मौके से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि आग पेट्रोल से भरे टैंक तक पहुंचती तो हादसा काफी भयानक हो सकता था।
जानकारी के मंगलवार सुबह चालक कृष्ण कुमार अंबाला से पेट्रोल भरे टैंकर लेकर कांगड़ा के पालमपुर जा रहा था कि इसी दौरान अंब रोड स्थित गैस एजेंसी के पास टैंकर के इंजन में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते टैंकर से लपटें निकलनी शुरू हो गईं। इससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इसी बीच लोगों ने इसकी सूचना फौरन दमकल विभाग को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग के कर्मियों तरसेम लाल, सुभाष चंद एवं अश्वनी ने टैंकर के इंजन में लगी आग को बुझाया। उधर, दमकल विभाग के प्रभारी सरवण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही कर्मियों ने टैंकर में लगी आग को बुझा दिया था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।