अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
पुलिस थाना ऊना के तहत धमांदरी गांव में शातिरों ने दो रिहायशी मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शातिरों ने घरों से करीब 35 हजार की नकदी और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ किया है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात धमांदरी निवासी अर्जुन सिंह अपने कमरे में बेटे संग सोया हुआ था जबकि दूसरे कमरे बंद था।
शातिरों ने रात को घर की कुंडी खोलकर अंदर रखे ट्रंक को उठाकर ले गए। ट्रंक में करीब 20 हजार रुपये और सोने-चांदी के आभूषण थे जिसे शातिरों ने चुरा दिया। इसके बाद शातिरों ने साथ लगते ओंकारी देवी के मकान को निशाना बनाया। चोरों ने ओंकारी देवी के घर से करीब 15 हजार रुपये की नकदी और आभूषण चुराने में सफल रहे।
चोरी की पता दोनों घरों के परिवारों को सुबह लगा, जब देखा कि कमरे के दरवाजे खुले पड़े हैं। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज कर लिए हैं। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों से भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।