गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के बढेड़ा राजपूतां गांव के शराब के ठेके से सोमवार रात चुराई 108 बोतल शराब के मामले में गगरेट पुलिस ने चार आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो आरोपी फरार हो गए थे। फरार दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है। इस मामले में तीन लोग पंजाब के ओर तीन स्थानीय लोग है।
ये सभी आरोपी एक स्थानीय उद्योग में कार्य करते थे। वहां से योजनाबद्ध तरीके से चोरी की गई। इस मामले में जगरूप(22) निवासी मोगा, अशोक (26) बठिंडा, प्रदीप (21) बठिंडा और शफी मुहम्मद (22) कुठेड़ा जसवाला को गिरफ्तार कर लिया था। अरुण कुमार बढ़ेडा राजपूतां और कुलवंत मवा सिंधिया की तलाश अभी जारी है। शराब के ठेके से लगभग 75000 मिली लीटर शराब की चोरी का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक पुलिस द्वारा आरोपित लोगों से किसी तरह की कोई बरामदगी नहीं हो पाई है।
एसएचओ गगरेट चैन सिंह ने बताया कि पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अभी दो अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार चार लोग अभी चार दिन के रिमांड पर है।
चुराई गई शराब में रॉयल स्टैग की 24 बोतल, वैट 69 की 24 बोतल, 100 पाइपर की 12 बोतल, सिग्नेचर की 12 बोतल, इमिपिरियल ब्ल्यू की 12 बोतल, बियर की 24 बोतल शामिल है।