गगरेट (ऊना)।
क्षेत्र के पुराना अंब रोड पर स्वां नदी के किनारे पुलिस ने एक युवक को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने 204 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान भवारन घंघरूही निवासी 23 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस की टीम गगरेट कस्बे के पुराना अंब रोड स्थित स्वां नदी के किनारे पर गश्त कर रही थी। एक युवक पुलिस को वहां घूमता दिखाई दिया। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे पूछताछ के लिए रोका तो वह घबरा गया।
संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पुलिस ने युवक की तलाशी शुरू कर दी। इस दौरान उसके पास से चरस बरामद की गई। चरस की मात्रा करीब 204 ग्राम आंकी गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।