बंगाणा(ऊना)।
थानाकलां के नजदीक पनेड़ गांव की उतराई पर बेकाबू कार स्किड होकर नीचे जा रही एक एचआरटीसी बस के आगे जा गिरी। इस हादसे में कार चालक घायल हुआ है जिसे नजदीकी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। घटना में कार पूरी से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इस हादसे में हमीरपुर के हार-होलनी गांव निवासी कार चालक अमन कुमार बुधवार सुबह अपनी कार से जा रहा था कि पनेड़ के पास तीखे मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित होकर नीचे से गुजर रही सरकारी बस से जा टकराई।
चलती बस से अचानक कार टकराने से कुछ देर के लिए बस में सवार यात्री सहम से गए। यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई और सभी यात्री बस से बाहर निकल गए। इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार से लोगों ने सवार को बाहर निकाला। उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत खतरे से बाहर है। डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।