ऊना।
पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान तीन लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अवैध शराब की खेप कब्जे में लेकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसआईयू टीम के पुलिस कर्मी शाम के समय गश्त पर रेलवे स्टेशन के पास मौजूद थे तो कोटला कलां में एक कनफेक्शनरी की दुकानें की तलाशी लेने पर दुकान से 30 बोतलें देसी शराब और 24 बोतलें अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी शमशेर चंद निवासी अपर कोटला कलां के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस कर्मियों ने नीला घाट ऊना में गश्त के दौरान एक दुकान की तलाशी लेने पर दुकान से 10 बोतलें देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी अजय कुमार निवासी ऊना के खिलाफ केस दर्ज किया है। हरोली पुलिस ने गश्त के दौरान सैंसोवाल में शाम के समय एक दुकान में छापेमारी के दौरान दुकान से 20 बोतलें देसी शराब बरामद की है। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह निवासी हरोली के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।