अंब (ऊना)।
उपमंडल अंब के तहत एक गांव में सातवीं में पढ़ने वाले 11 साल के बच्चे ने अंब थाने जाकर पिता के खिलाफ बेवजह मारपीट की शिकायत की है। बच्चे ने बताया कि उसकी मां का देहांत हो चुका है। इसके बाद से उसका पिता शराब के नशे में धुत्त होकर उसे और उसकी नाबालिग बहन को बेरहमी से पीटता है। उनके साथ गाली-गलौज भी करता है।
पुलिस ने मामले की नजाकत को समझते हुए आरोपी पिता और संबंधित पंचायत प्रधान को फौरन थाने में तलब किया। हालांकि वहां बच्चों के पिता ने सबके सामने माफी मांग कर अपनी जान छुड़ा ली है। लेकिन बिन मां के बच्चों के साथ पिता की बेरहमी मामले को लेकर समूचे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। बुद्धिजीवी लोगों ने इस मामले की कड़ी निंदा भी की है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को स्कूल की यूनिफॉर्म में ही अंब थाना पहुंचे 11 साल के बच्चे ने बताया कि शुक्रवार रात भी उसके पिता ने नशे में धुत्त होकर दोनों बच्चों की पिटाई कर डाली। उसने बताया कि पिता के रोजमर्रा के इस व्यवहार से वह बेहद दुखी है। उनकी मां की मौत के बाद बच्चों की सुनने वाला भी और कोई नहीं है। पुलिस ने मामले को बेहद संजीदगी से लेते हुए त्वरित कार्रवाई अमल में लाई और बच्चे के पिता और पंचायत प्रधान अनुलता को फौरन अंब थाना बुलाया। हालांकि बच्चा थाने में भी पिता को देखकर काफी सहमा सा नजर आया। लेकिन सुबह नशा उतरने के बाद थाने पहुंचे आरोपी पिता ने सबके सामने बच्चों को भविष्य में कभी न मारने की बात कही।
पुलिस ने उसे इसी शर्त पर छोड़ा कि वह भविष्य में अपने बच्चों की पिटाई नहीं करेगा और उनका अच्छे से पालन पोषण करेगा। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि बच्चे की सहमति के चलते मामला दर्ज नहीं किया गया है। पिता ने बच्चों के साथ दोबारा ऐसा व्यवहार न करने की बात कही है। फिर भी पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इस पर भविष्य में भी नजर रखेगी।