ऊना। बनगढ़ जेल से फरार हुए कैदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को जेल विभाग की टीम ने उसको यूपी के मुरादाबाद जिला तहत रायपुर गांव में एक घर से दबोचा।
भगौड़े को पकड़ने के लिए जेल विभाग से बॉर्डर अमित राणा, प्रदीप कुमार, अच्छर सिंह, अमित कुमार, मंजीत और रविंद्र पर आधारित टीम को बुधवार ही उत्तर प्रदेश रवाना किया था। उन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर सोर्वन की भतीजी के रायपुर स्थित घर में दबिश देकर उसे कब्जे में ले लिया। गौरतलब है कि बनगढ़ जेल में दुराचार मामले में करीब दस साल की सजा काट रहा कैदी सोर्वन 24 अगस्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
जेल से भागते हुए उसकी वीडियो जेल के ही सीसीटीवी में कैद हो गई थी। करीब पांच दिन से फरार चल रहे कैदी को पुलिस ढूंढ रही थी। डिप्टी सुपरिंटेंडेंट जेल देवेश कुमार ने बताया कि जेल विभाग की टीम ने फरार कैदी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे मुरादाबाद से ऊना लाया जा रहा है।