राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक के गेट के बाहर खड़ी एक गाड़ी से सोमवार देर रात्रि शातिरों ने नकदी चुरा ली। गाड़ी का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। करीब 4500 रुपये चुरा लिए हैं। कॉलेज के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में शातिरों का चेहरा कैद हो गया है।
सीसीटीवी की फुटेज की सहायता से पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार पीड़ित अखिल मिन्हास निवासी मकड़ाहन तहसील जवाली ने दौलतपुर चौक पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह चंडीगढ़ से वापस आ रहा था।
रात हो जाने की वजह से उसने कॉलेज के नजदीक अपने दोस्त के घर रुकने का निर्णय लिया। कॉलेज गेट के सामने सीसीटीवी लगे होने के कारण अखिल ने गाड़ी सीसीटीवी कैमरे के सामने खड़ी कर दी। शातिर ने रात को करीब अढ़ाई बजे गाड़ी का साइड विंडो का शीशा पत्थर से तोड़कर गाड़ी में रखी हुई 4500 रुपये की नकदी चुरा ली। उधर, डीएसपी अजय राणा का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कहा कि पुलिस कॉलेज के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक कर रही है।