ट्रिपल आईटी के सहयोग के पांच स्कूलों में बनाई रोबोटिक्स लैब
इसी माह में स्कूलों में स्टाफ के सदस्यों को मिली है ट्रेनिंग
विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की खल रही कमी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में सरकारी स्कूलों के होनहार पिछड़ न जाएं, इसके लिए बच्चे अब रोबोटिक्स के फील्ड में हाथ आजमाएं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में भी उन्हें प्रारंभिक ज्ञान दिया जाएगा। इसके लिए सरकार की तरफ से स्कूलों में रोबोटिक्स लैब स्थापित किए गए हैं। जबकि बच्चों को विषय की सटीक जानकारी के लिए ट्रिपल आईटी के विषय विशेषज्ञ विशेष रूप से अपनी सेवाएं देंगे। एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने पहल करते हुए ट्रिपल आईटी से संवाद कर इसके लिए मार्ग प्रशस्त किया है। अंब शिक्षा खंड के पांच स्कूलों, जिनमें रावमापा अंब, ठठल, नैहरियां, मुबारिकपुर और रपोह स्कूल में रोबोटिक्स लैब के लिए सामान मुहैया करवाया जा चुका है। जबकि, स्कूल स्टाफ के सदस्यों को भी तीन दिन की ट्रेनिंग दी गई है। हालांकि, मई में स्कूलों में स्टाफ के सदस्यों को ट्रेनिंग दी जा चुकी है, लेकिन विषय की गहनता और सटीकता के लिए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। एसडीएम अंब ने ट्रिपल आईटी सलोह से संपर्क कर विषय के विशेषज्ञों को सेवा के लिए आग्रह किया है। हालांकि, अभी यह एक विषय के रूप में स्कूलों में नहीं पढ़ाया जाएगा बल्कि इसे विद्यार्थियों में रोबोटिक्स के प्रति व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए एक लैब के रूप में स्कूलों में शुरू किया गया है। लगभग सभी बड़ी कक्षाओं के बच्चों को रोबोटिक्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। बच्चे खुद हल्के ड्रोन असेंबल करना तथा अन्य प्रकार के सामान्य रोबोट्स को असेंबल करना और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानेंगे।
बॉक्स
क्या हैं दुश्वारियां
रोबोटिक्स और एआई के लिए बनाई गई रोबोटिक्स लैब में सामान मुहैया करवाया गया है और स्कूल स्टाफ के कुछ लोगों को तीन दिन की ट्रेनिंग भी दी गई है। सिर्फ तीन दिन की ट्रेनिंग के बाद वह इस नई तकनीक के बारे में बच्चों को इस आधुनिक विषय पर कितना बता पाएंगे। यह बड़ा सवाल है। इसके लिए विषय के विशेषज्ञ ही बच्चों को सही तरीके से जानकारी दे सकते हैं। अंब शिक्षा खंड में तो ट्रिपल आईटी की सेवाएं लेने को लेकर सहमति बनी है परंतु वह इसके लिए कितना पर्याप्त समय दे पाएंगे।
कोट्स
रावमापा अंब के प्रधानाचार्य विनोद बन्याल ने बताया कि स्कूल में रोबोटिक्स लैब के लिए अलग से हाल उपलब्ध करवाया गया है। रोबोटिक्स और एआई के लिए ट्रेनिंग लेकर आए भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता बीएल भोगल और अनु बाला ने बताया कि लैब में बच्चों को रोबोट के फंक्शन, उन्हें असेंबल करने, उनके कल पुर्जों और प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा कंप्यूटर टेक्नोलॉजी में कोडिंग की जानकारी दी जाएगी।