ऊना। स्थानीय इंदिरा मैदान के पास ऊना-नंगल मार्ग पर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से कई वार किए। घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दिन दहाड़े शहर में तेजधार हथियारों के साथ हुई इस घटना के बाद लोग दशहत में हैं। घायल युवकों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। घायलों की पहचान विकास सैणी 31 निवासी गांव लोअर कोटला कलां और सुमित 24 निवासी गांव भदसाली तहसील हरोली के रूप में हुई है।
वहीं, पुलिस ने घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य युवकों की तलाश जारी है। ऊना शहर में इंदिरा मैदान के पास युवकों में बुधवार को आपसी किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान एक गुट में शामिल कुछ युवकों ने दूसरे गुट के युवाओं पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। तेजधार हथियारों के हमले से दो युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए। दोनों युवकों के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों पर तेजधार हथियारों के वार लगने से घाव लगे हैं।
उधर, एसपी अर्जित सेन ठाकुर का कहना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया पुलिस ने एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है आरोपी की पहचान हैप्पी निवासी गांव बहड़ाला के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी युवकों की भी तलाश कर रही है।