लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण पर खर्च किए जाएंगे 9.09 करोड़
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत होगा सड़क का कायाकल्प
करीब नौ किलोमीटर तक सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को मिलेगा बेहतर सुविधा का लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्र की बसाल पुली से वाया नंगल सलांगड़ी मार्ग का जीर्णोद्धार जल्द होगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस मार्ग को बनाया जाना प्रस्तावित है। बेहतर सड़क सुविधा के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत इसका कायाकल्प होगा। विभाग की ओर से करीब 9.09 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। अरसे से स्थानीय लोगों की ओर से इस सड़क को बेहतर बनाने के लिए विभाग सहित सरकार से मांग रखी गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में इस सड़क को बनाने के लिए प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। बजट मंजूरी के बाद लोगों को गड्ढों से मुक्त सड़क की आस बंधी है। विभाग की ओर से लगभग 9 किलोमीटर से ज्यादा सड़क को बनाया जाना है। वर्तमान में इस सड़क पर गड्ढों के बीच सफर करना लोगों के लिए दुविधा पैदा कर रहा है। साथ ही सड़क पर इन गड्ढों के कारण हादसों का खतरा भी होने की संभावना रहती है। फिलहाल सड़क का कार्य इस वर्ष में शुरू होना प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों से विभाग इसे शुरू नहीं कर पाया है। अब लोगों को नए वर्ष में इस सड़क के शुरू होने की उम्मीद है। सड़क निर्माण से बसाल, नंगल सलांगड़ी आदि विभिन्न ग्राम पंचायतों के कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
बसाल वाया नंगल सलांगड़ी सड़क निर्माण को लेकर राशि स्वीकृत हो चुकी है लेकिन इस सड़क को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। आशा है इस पर जल्द उचित निर्णय आएगा। इसके बाद सड़क का कार्य शुरू होगा।
-ई. हर्ष पुरी, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, ऊना