बस अड्डा पार्किंग फीस बढ़ने से अंब के निजी बस ऑपरेटरों में भारी रोष है। शुक्रवार को उपमंडल मुख्यालय स्थित एचआरटीसी के बस अड्डा की फीस तीस रुपये से बढ़ाकर चालीस रुपये वसूल किए जाने पर निजी बस ऑपरेटर भड़क गए हैं।
उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि ठेकेदार ने शुक्रवार को मनमाने तरीके से अड्डा फीस दस रुपये बढ़ा दी है, जो सरासर गलत है। निजी बस ऑपरेटरों में गुलशन कुमार, धीरज कुमार, कमल, हुसैन मोहम्मद, गुरनाम सिंह मनकोटिया, शिव सिंह राणा, अरुण कुमार, बलराज कालिया और नरेंद्र मंडियाल ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व ठेकेदार ने भी अड्डा फीस मनमाने ढंग से दस रुपये बढ़ा दी थी। लेकिन, बाद में बस ऑपरेटरों के विरोध के बाद पुराने रेट से ही पार्किंग फीस वसूलनी शुरू की थी। लेकिन, शुक्रवार को दोबारा ज्यादा फीस वसूल की जा रही है। जबकि, जिले के अन्य किसी भी बस अड्डे पर पार्किंग फीस में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है। बस ऑपरेटरों का कहना है कि जो बसें अड्डे के अंदर भी नहीं आतीं, उनसे भी एनएच पर फीस वसूल की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार की ओर से बढ़ाई गई अड्डा फीस बढ़ोतरी को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए।