संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के बाथड़ी गांव में प्रशासन की ओर से सील की गई पटाखा फैक्टरी के आसपास बनी झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग ने इसके लिए जमीन मालिक को नोटिस देकर शुक्रवार शाम तक जगह खाली करवाने के आदेश दिए हैं।
हालांकि शाम 8:00 बजे तक झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने के कोई प्रयास नहीं किए गए। जानकारी के अनुसार बंद पड़ी पटाखा फैक्टरी के आसपास करीब 15 झुग्गी-झोपड़ियां बनाए गई हैं। वीरवार शाम को फैक्टरी में हल्का धमाका होने के क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
ऐसे में अगर कोई बड़ी हादसा होता है तो सबसे पहले इसकी जद में साथ लगती झुग्गी-झोपड़ियां ही आएंगी। इसे ध्यान में रखते हुए हरोली पुलिस ने उक्त जमीन के मालिक को शुक्रवार शाम तक झुग्गी-झोपड़ियां हटाने के लिए नोटिस दिया है।
हैरत की बात यह भी है कि भूमि मालिक को पहले भी पुलिस प्रशासन की ओर से नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन झुग्गी-झोपड़ियों को वहां से हटाने के लिए कोई जहमत नहीं उठाई। बता दें कि बाथू क्षेत्र में बीते वीरवार की शाम बंद पटाखा फैक्टरी में अचानक हल्का धमाका हो गया।
इस फैक्टरी में अभी भी बड़ी मात्रा में बारूद से भरा कच्चा माल पड़ा है। पुलिस ने इस बारूद को नष्ट करवाने के लिए कोर्ट में याचिका लगाई हुई हैं। उस पर फैसला आना अभी बाकी है।
वहीं, डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने बताया कि बाथड़ी में सील पटाखा फैक्टरी के आसपास निजी भूमि में झुग्गी-झोपड़ियां बनाई गई हैं। उन्हें हटाने के लिए भूमि के मालिक को नोटिस दिया गया है। अगर शुक्रवार शाम तक झुग्गी-झोपड़ियां नहीं हटाई गईं तो कार्रवाई की जाएगी।