संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के प्राथमिक स्कूलों में पांच से 15 साल के बच्चों का आधार कार्ड बनाने और अपडेट करने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत जिन बच्चों का अभी तक आधार कार्ड नहीं बना या उसे अपडेट करने की जरूरत है, उनकी स्कूल में ही बायोमेट्रिक से जुड़ी सारी औपचारिकताएं पूरी कर आधार कार्ड बनाया जाएगा।
इसके लिए अध्यापकों को बच्चों के अभिभावकों को भी जागरूक करने के लिए कहा गया है। जानकारी के अनुसार प्राथमिक स्कूलों कई ऐसे बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, जिनकी बायोमेट्रिक अपडेशन नहीं हो पाई है। इस कारण उनके पास आधार कार्ड नहीं है। ऐसे में वे बच्चे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह सकते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए अब सभी स्कूलों में आधार कार्ड से वंचित बच्चों की बायोमेट्रिक अपडेशन करवा कर उनका आधार कार्ड बनाया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे बच्चों की पहचान करवाई जाए, जिनके आधार कार्ड नहीं बनवाए या उन्हें अपडेट करने की जरूरत है।
इसके साथ ही बच्चों की बायोमेट्रिक अपडेशन के लिए आने वाली टीमों से पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम के लिए उचित कुर्सी, टेबल और कमरा उपलब्ध करवाने के लिए भी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि यह अभियान दो महीने तक चलेगा और इसमें जिला के सभी स्कूल कवर किए जाएंगे। बता दें कि इससे पहले अभिभावकों को अपने बच्चों का आधार अपडेट करवाने के लिए आधार केंद्रों का रुख करना पड़ता था। जहां इंतजार के बाद बारी आती थी, लेकिन इस फैसले से बच्चों को स्कूल में आसानी से आधार अपडेट करवाने की सुविधा मिलेगी। किसी भी प्रकार की भाग दौड़ नहीं करनी होगी।
इस संबंध में उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा विभाग देवेंद्र चंदेल ने बताया कि नए आधार कार्ड बनवाने और उनको अपडेट करवाने के लिए स्कूलों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कहा कि बच्चों को कई योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी नहीं होगी।