अमर उजाला ब्यूरो
थानाकलां (ऊना)।
उपमंडल बंगाणा के गांव ननावीं में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट में एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। घायल महिला को उपचार एवं मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। मारपीट में दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूसे बरसाए।
वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों में मामला शांत करवाया। पुलिस ने मारपीट करने पर आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रसीला राम निवासी गांव ननावीं जिला ऊना ने पुलिस थाना बंगाणा में शिकायत दर्ज करवाई है कि एक ट्रैक्टर चालक सहित करीब आधा दर्जन लोगों ने जमीन विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट की। मारपीट में एक महिला को चोटें आई हैं, घायल महिला को उपचार और मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। एसपी संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।