संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए रविवार को जिला मुख्यालय ऊना के तीन परीक्षा केंद्रों में लिखित परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा में कुल 5,979 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लेना था, लेकिन 5,587 ने ही परीक्षा दी। 392 युवा अभ्यर्थी परीक्षा देने केंद्रों में नहीं पहुंचे। परीक्षा के लिए पुलिस की ओर से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए। इस दौरान सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिये निगरानी रखी गई। इसके अलावा केंद्रों में इंटरनेट जैमर भी लगाए गए।
जिले के तीन केंद्रों ऊना महाविद्यालय, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल ऊना और डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दोपहर 12 से एक बजे परीक्षा आयोजित हुई। ऊना महाविद्यालय में 2,784 अभ्यर्थियों ने परीक्षा देने थी और उनमें से 2,572 ही पहुंचे।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में 1728 युवाओं की परीक्षा होनी थी। केवल 1,605 ही केंद्रों में पहुंचे। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 1,467 अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित होनी थी और उनमें से 1410 ने परीक्षा दी।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के बाहर पुलिस वर्दी व सिविल ड्रेस में सक्रिय रही। इस दौरान संदिग्धों पर भी पुलिस की पूरी नजर रही। ऊना महाविद्यालय के बाहर सड़कों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। सड़कों पर सात से आठ पुलिसकर्मी ट्रैफिक व्यवस्था को संभालते नजर आए। बता दें कि ऊना में पुलिस कांस्टेबल के 101 पदों के लिए भर्ती की जा रही है। पेपर लीक होने के कारण दोबारा परीक्षा ली गई है। इसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने बेहद सतर्कता बरती है।
जिले के तीनों केंद्रों में परीक्षा तय मानकों के तहत आयोजित की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रही। हर केंद्र में पुलिस का पहरा रहा है। परीक्षा के सफल आयोजन में पुलिस के साथ शिक्षा विभाग व युवाओं का भी पूरा सहयोग मिला।
अर्जित सेन ठाकुर
पुलिस अधीक्षक, ऊना