संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले के पंजोआ ठ्ठठल में हुए सड़क हादसे में घायल हुए 22 लोगों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने घायलों की जांच के बाद दो गंभीर मरीजों को सिर पर गहरी चोट के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया।
इसके अलावा अन्य घायलों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में ही किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। अंब पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी से वापिस लौट रहे श्रद्धालुओं का एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस घटना में घायल हुए 22 मरीजों को अंब अस्पताल से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया।
इस दौरान मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं ने बताया कि वह मैड़ी मेले में भाग लेने के लिए नौ मार्च को ही पहुंच गए थे। सोमवार सुबह पंजे का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ट्रक में सवार होकर अपने घरों के लिए निकल रहे थे।
इस दौरान पंजोआ के समीप ट्रक अचानक से अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मंजू बहल ने कहा कि ठठ्ठल हादसे में दो गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
प्रशासन सख्त कदम उठाए : रायजादा
क्षेत्रीय अस्पताल में घायलों का हाल जानने पहुंचे ऊना सदर विधायक सतपाल रायजादा ने कहा कि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। मालवाहक वाहनों से धार्मिक स्थलों पर जाने वाले को बॉर्डर पर ही सख्ती से रोका जाना चाहिए।