ऊना। जिले में कोरोना के सक्रिय मामले 14 रह गए हैं। जबकि कोविड सेंटर मात्र एक कोरोना संक्रमित मरीज उपचाराधीन है। यह मरीज भी डीसीएचसी पालकवाह में शनिवार को उपचार के लिए लाया गया है। बीते दो दिन में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा भी शून्य ही रहा है। जिले में कम कोरोना मामलों से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। ऐसे में आने वाले समय में कोरोना का कहर दोबारा हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के साथ प्रशासन लगातार लोगों को जागरूक करने के साथ पहले की तरह की नियमों का पालन का आग्रह कर रहा है, लेकिन लोग मास्क, सैनिटाइजर समेत अन्य एहतियात को दरकिनार करते हुए नजर आ रहे हैं। कारोबारी वर्ग भी मात्र दुकान के बाहर स्टीकर लगाकर औपचारिकताएं दिखा रहा है। बीते शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक कुल 13508 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
इनमें से 13247 स्वास्थ्य हो चुके हैं। शुक्रवार को कोरोना एक्टिव केस की संख्या मात्र 14 रही। जिले में अब तक कुल 245 कोरोना संक्रमितों की मौत रिपोर्ट हुई है। वहीं, सीएमओ डॉ. रमन कुमार शर्मा ने बताया कि कोरोना के कम मामलों को देखते हुए लोग किसी भी स्तर पर लापरवाह न बनें। पहले की तरह नियमों का पालन करें। उधर, डीसी राघव शर्मा ने कहा कि लोग अपनी जिम्मेवारी को समझें और कोविड नियमों का पालन करें।
बॉक्स
411630 को लगा कोविड वैक्सीन का पहला डोज
जिले में बीते शुक्रवार के आंकड़ा के अनुसार अब तक कुल 411630 लोगों को कोविड वैक्सीन का पहला डोज लग चुका है। जबकि 13412 लोगों को कोविड वैक्सीन का दूसरा डोज भी चुका है। जिले में रोजाना कोविड टीकाकरण केंद्रों में टीकाकरण किया जा रहा है।