डीजीपी पंजाब पुलिस की ओर से शुक्रवार को सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी के अनुसार आरोपी विपन कुमार ऊना के बसाल में हुए गग्गी हत्या मामले का मुख्य शूटर है। उसे मोहाली के साथ लगते खरड़ शहर से गिरफ्तार किया गया है। सिटी खरड़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया और आगे की जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि गग्गी की हत्या विदेश में बैठे गैंगस्टरों के बीच चल रही गैंगवार का नतीजा थी। सूत्रों के अनुसार यह गैंगवार लड्डी भजल उर्फ कूनर और मोनू गुज्जर (रवि बलाचौरिया गैंग) की ओर से बब्बी राणा (सोनू खत्री गैंग) के खिलाफ चल रही दुश्मनी का हिस्सा थी। मृतक राकेश कुमार उर्फ गग्गी विदेश में बैठे गैंगस्टर बब्बी राणा का करीबी सहयोगी था, जबकि बब्बी राणा खुद सोनू खत्री का नजदीकी माना जाता है। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि गग्गी हत्या मामले में जिला पुलिस लगातार पड़ोसी राज्य पंजाब की पुलिस से संपर्क में है। खरड़ में गिरफ्तार आरोपी को जल्द ट्रांजिट रिमांड पर लाया जाएगा। उससे पूछताछ में कई अहम कड़ियां खंगाली जाएंगे। पूछताछ के बाद आरोपी के कुछ अन्य साथी भी गिरफ्तार होना तय है।