विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां श्री चिंतपूर्णी के दरबार में सोमवार सुबह पंजाब के मुकेरियां से पहुंचे श्रद्धालु दंपती ने 750 ग्राम चांदी का छत्र अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने अपनी पहचान गुप्त रखने की इच्छा जताई। मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद चांदी के छत्र को मां की पावन पिंडी पर सुशोभित किया गया। आधुनिक कारीगरी और आकर्षक नक्काशी से तैयार किया गया यह छत्र मां की पावन पिंडी पर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
विज्ञापन
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रद्धालु दंपती ने मनोकामना पूरी होने पर मां के चरणों में श्रद्धा स्वरूप यह भेंट अर्पित की है। उन्होंने अपनी पहचान सार्वजनिक न करने का आग्रह किया। मां चिंतपूर्णी के दरबार में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार मां के चरणों में चढ़ावा अर्पित करते हैं। मंदिर में समय-समय पर चांदी के छत्र, मुकुट, पूजा सामग्री और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं भी भेंट स्वरूप चढ़ाई जाती हैं।