निर्माणाधीन शिमला-मटौर फोरलेन पर रानीताल के पास घट्टा टोल प्लाजा से गुजरना अब वाहन चालकों की जेब पर पहले से ज्यादा भारी पड़ेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से जारी नई दरों में कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों का एक तरफ का टोल 25 से बढ़ाकर 65 रुपये कर दिया गया है। हल्के चौपहिया वाहन चालकों को अब 40 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं, बस और दो एक्सल वाले ट्रक का शुल्क 80 से बढ़कर 225 रुपये हो गया है। इन वाहनों के लिए एक तरफ का सफर 145 रुपये महंगा हुआ है। नई दरें एक अक्तूबर की रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। एनएचएआई के अनुसार ये दरें चिलबाहल से भंगवार (रानीताल के पास) और आगे कांगड़ा बाईपास तक संबंधित राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के लिए लागू होंगी। हल्के व्यावसायिक वाहन, मालवाहक वाहन और मिनी बस के लिए एक तरफ का शुल्क अब 105 रुपये तय किया गया है। पहले की दर उपलब्ध नहीं होने के कारण इसमें हुई बढ़ोतरी का आंकड़ा नहीं दिया गया है। तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहन के लिए 245 रुपये, चार से छह एक्सल वाले भारी निर्माण मशीनरी/मल्टी एक्सल वाहनों के लिए 350 रुपये और सात या अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहनों के लिए 430 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने घट्टा टोल प्लाजा पर यूजर फीस की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके लिए शिमला आरओ से पत्र उपलब्ध हुआ है। यह दरें एक अक्तूबर रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं। - राज कपूर, अतिरिक्त मैनेजर, रानीताल घट्टा टोल प्लाजा