शहर से दो किमी दूर पाटबंगला में हिमाचल पथ परिवहन निगम की चलती बस में शार्ट सर्किट के चलते अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
बस के अंदर लपटें उठती देख सवारियां सामान छोड़कर भाग निकलीं। सूचना मिलने पर अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया।
परिवहन निगम की यह बस रामपुर से मुनिश रूट पर जा रही थी। रविवार दोपहर बाद करीब 3:35 बजे बस जब लवी मेला मैदान जाने वाली सड़क की चढ़ाई चढ़ रही थी, तो अंदर अचानक आग भड़क उठी।
बोनट के साथ ही आग लगने पर भीतर सवारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपना सामान छोड़कर दरवाजे से बाहर दौड़ पड़े।
चालक भी ब्रेक लगाकर सुरक्षित बाहर निकल गए । अग्निशमन दस्ता कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया।
बस पूरी तरह जलने से बच गई, अगले हिस्से को खासा नुकसान हुआ है। हालांकि, चालक-परिचालक समेत बस में सवार डेढ़ दर्जन सवारियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट सामने आया है। मैकेनिकल जांच करवाई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण पता चल पाएगा। चालक-परिचालक समेत सवारियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
-गुर बचन सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम