संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मौका भी है और दस्तूर भी...तो फिर क्यों न इस वैलेंनटाइन डे को खास बनाया जाए। प्यार, दोस्ती, इजहार और इकरार भरे वैलेंटाइन वीक को खास बनाने के लिए शहर के युवा बेताब हैं। लिहाजा सोलन के बाजार वैलेंटाइन के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। अपने प्रिय को स्वीट रिलेशन और इमोशन से भरा तोहफा देना इन दिनों ट्रेंड में है। वैलेंटाइन डे पर खास तोहफा देने के लिए योजनाएं बन चुकी हैं। कई दिन से पॉकेट मनी से पैसे बचाकर अपने अजीज तक खास तोहफा पहुंचाने के लिए युवक-युवतियां तैयार हैं।
छह फरवरी से युवाओं का यह सप्ताह शुरू हो गया है जो 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे तक मनाया जाएगा। अब ग्रीटिंग कार्ड और डायरी का जमाना पुराना हो चुका है। हालांकि गिफ्ट रैप में लिपटे कार्ड, चॉकलेट, टेडी, चांदी का ब्रेसलेट, रिंग, पेन और केक की डिमांड है।
जानकारी के अनुसार वैलेंटाइन डे को अपने-अपने अंदाज में मनाने के लिए युवाओं ने मंसूबे बना लिए हैं। इसका तानाबाना शायद प्रेमी जोड़े कई दिन पहले बुनना शुरू कर देते हैं। विवि, कॉलेज व अन्य युवा वैलेंटाइन वीक का हर दिन दोस्तों संग मनाते हैं।
युवा आदित्य कुमार, शाश्वत, मानित, तनिश, सौरभ, अंकुर, वंशिका समेत अन्य युवाओं ने बताया कि यूं तो दोस्तों के साथ हर दिन खास है लेकिन वैलेंटाइन वीक की बात अलग है। वहीं कारोबारी भी युवाओं को खासी छूट देकर कारोबार चमका रहे हैं जिसका युवा खूब फायदा उठा रहे हैं।
रेड कलर केक की अधिक डिमांड : गुप्ता
कारोबारी मुकेश गुप्ता ने बताया कि बेकर शॉप में वैलेंटाइन डे के लिए रेड कलर के केक की काफी मांग है। युवाओं को 10 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। हार्ट शेप केक की रेंज 100 रुपये से शुरू होकर 1000 रुपये तक रहती है। लाल रंग और स्ट्रॉबेरी केक का काफी वैलेंटाइन डे के दिन काफी मांग है। अभी तक 14 फरवरी के लिए 50 फीसदी बुकिंग उनके पास आई है।