कामगार नेताओं और अस्पताल प्रबंधकों के बीच हुई बैठक
बैठक में कामगार नेताओं ने जड़े अनदेखी के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। ईएसआईसी अस्पताल काठा के प्रबंधक और कामगार नेताओं के बीच बैठक हुई। इसमें अस्पताल प्रबंधकों ने सभी मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद कामगार नेताओं ने हड़ताल का फैसला टाल दिया है।
काठा अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक अनिता कर्णपाल, उप चिकित्सा अधीक्षक एसडी शर्मा व डिप्टी डायरेक्टर प्रशासनिक आजाद सिंह ने भारतीय मजदूर संघ के राज्य प्रभारी मेला राम चंदेल, जिला सचिव राजू भारद्वाज, इंटक के जिला अध्यक्ष श्याम ठाकुर, एटक का जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, सेवानिवृत सहायक निदेशक देवव्रत यादव के साथ बैठक की गई।
राज्य उद्योग प्रभारी मेला राम ने बताया कि अस्पताल में सेकेंडरी केयर के लिए व्यवस्था नहीं है। डॉक्टरों का रोगियों के प्रति व्यवहार सही नहीं है। पिछले पांच दिनों से एक मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है। दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। अस्पताल में बेड के गद्दे और चादरें खराब है। रोगियों को दवा नहीं मिल रही। अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे बंद हैं। बैठक में इन सभी मुद्दों को लेकर गहमागहमी हो गई थी। प्रबंधक वर्ग खाली आश्वासन दे रहा था जिस पर कामगार नेता नारेबाजी पर उतर आए थे, मगर सेवानिवृत सहायक निदेशक देवव्रत यादव ने मामला शांत करवाया।
चिकित्सा अधीक्षक अनिता कर्णपाल ने निजी अस्पताल को सेकेंडरी केयर के लिए टाइअप करने के लिए एक माह के भीतर निविदाएं आमंत्रित करने, चिकित्सक खिलाफ 72 घंटे के भीतर कार्रवाई करने, प्रमाण पत्र में देरी के लिए त्वरित कार्रवाई करने, रोगियों के खाने में सुधार लाने, सीसीटीवी कैमरे व दवा की आपूर्ति सुचारू करने का लिखित में आश्वासन दिया। इस पर कामगार नेताओं ने अस्पताल प्रबंधकों के साथ हड़ताल का फैसला फिलहाल टाल दिया है।