संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेश के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में लगातार गर्मी बढ़ रही है। इसके चलते बाहरी राज्यों से पर्यटकों की आमद भी अचानक बढ़ गई है। वीकेंड पर सोलन के प्रसिद्ध पर्यटकों में शनिवार सुबह चायल और कसौली के होटल 90 प्रतिशत पैक हो गए।
शाम तक पर्यटकों की आमद जारी रही। पर्यटकों की आवाजाही से होटल कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। इससे कालका-शिमला एनएच पर भी पर्यटकों के वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से बाहरी राज्यों का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है। वीकेंड पर छुट्टियां बिताने के लिए पर्यटकों की पहली पसंद कसौली और चायल हैं। सबसे ज्यादा पर्यटक चंडीगढ़ से सटे कसौली पहुंचते हैं।
पर्यटक एक से डेढ़ घंटे में यहां आसानी से पहुंच जाते हैं। उन्हें लौटने में भी दिक्कतें नहीं आतीं। चायल में भी पर्यटकों को देखने के लिए कई बेहतर जगह हैं जिसके लिए पर्यटक यहां का रुख करते हैं। रविवार तक चायल और कसौली होटलों में 90 फीसदी तक बुकिंग पहले ही हो चुकी थी। होटल कारोबारियों ने भी पर्यटकों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
उधर, चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने बताया कि 31 मार्च के बाद से पर्यटकों ने बुकिंग करवाना शुरू कर दिया था। शनिवार को 90 और रविवार के लिए 100 फीसदी बुकिंग होने की संभावना है।
पर्यटकों की आवाजाही से सभी छोटे-बड़े होटल कारोबारी खुश हैं। साथ ही अच्छा कारोबार भी होगा। कसौली होटल एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सिंगला ने कहा कि अब पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। इस वीकेंड पर ऑनलाइन ही 90 फीसदी पर्यटकों ने बुकिंग करवाई।