संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। सैणी माजरा से बीड प्लासी मार्ग की खस्ता हालत के चलते ग्रामीणों ने उसे बंद कर दिया है। यहां पर एक बड़ी सीमेंट कंपनी समेत एक दर्जन कंपनियों का उत्पादन ठप हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर उद्योग तो लगा दिए गए लेकिन सरकार और विभाग रास्ते ठीक नहीं कर रहे हैं। इससे लोगों का अपने घर तक जाना दूभर हो गया है। पिछले डेढ़ दशक से मार्ग की बनाने की फाइल कार्यालय में घूम रही है लेकिन अभी तक मार्ग को बनाने की एनओसी नहीं मिल पाई है।
भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सूरज ठाकुर ने बताया कि सैणी माजरा से बीड प्लासी गांव करीब तीन किलोमीटर पड़ता है। इस मार्ग पर एसीसी सीमेंट समेत 11 कंपनियां हैं। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। प्रशासन और विभाग का कहना है कि यह मार्ग किसी रिकॉर्ड में नहीं है। यह रिजर्व फॉरेस्ट में है जिसके चलते न इसकी मरम्मत हो सकती है और न ही इसे नया बना सकते हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब यह मार्ग रिजर्व फॉरेस्ट में है तो यहां पर उद्योगों तक जाने का मार्ग कैसे बना। 170 बीघा जमीन हाल ही में उद्योग विभाग के नाम पर हुई जिस पर जल्द ही उद्योग लगेगा। जब सरकार यहां पर उद्योग लगा रही है तो मार्ग की हालत क्यों नहीं सुधार रही।
इस मार्ग पर एसीसी सीमेंट कंपनी में उत्पादन बंद पड़ा है। यहां पर रोज 300 ट्रक सीमेंट तैयार होता है। उत्पादन बंद होने से कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है। इसके अलावा 11 कंपनियां और भी हैं जिनका तैयार माल न तो बाहर निकल रहा है और नहीं कच्चा माल पहुंच रहा है। इन कंपनियों में उत्पादन ठप पड़ा है।
उधर, एसडीएम महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि तहसीलदार और थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया है। जल्द ही मार्ग को खुलवा दिया जाएगा।