सोलन के सपरूण चौक पर पहाड़ी से सड़क पर गिरा रहा मलबा। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सनवारा के समीप पहाड़ी से पत्थर और मलबा आने के बाद वाहनों को दूसरी लेन में डायवर्ट करना पड़ा। सोलन के सपरून चौक पर भी रिमझिम बारिश में भूस्खलन का सिलसिला जारी रहा।
इस कारण वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि किसी भी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। पहाड़ी से मलबा और पत्थरों को गिरता देख फोरलेन कंपनी ने कई जगहों पर पहाड़ी की तरफ बेरिकेड लगाए जिससे मलबा और पत्थर सड़क तक न पहुंचे।
जानकारी के अनुसार रविवार को परवाणू से सोलन फोरलेन के बीच सनवारा फ्लाईओवर के समीप भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इसके बाद पहाड़ी वाली लेन को करीब दो घंटे बाद सुचारु किया गया। यहां पर करीब 12 बजे पहाड़ी से भूस्खलन का मामला सामने आया है। भूस्खलन के बाद लोगों ने इसकी जानकारी एनएच पेट्रोलिंग टीम को दी और उसे मौके पर भेजा।
फोरलेन निर्माता कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंच करीब दो घंटे के बाद सड़क को सुचारु कर दिया। इस दौरान पहाड़ी वाली लेन को बंद कर ट्रैफिक दूसरी लेन से डायवर्ट किया गया। सोलन के सपरून बाईपास पर भी मलबा पहाड़ी से गिरा। हालांकि यहां पर फोरलेन निर्माता कंपनी ने बेरिकेड लगाकर मलबे को सड़क तक नहीं पहुंचने दिया। दिन भर छोटे-बड़े पत्थर पहाड़ी से गिरते रहे।
फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंद्र सिंह ने बताया कि सनवारा में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर गिरा। इसकी सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा और कुछ समय के लिए ट्रैफिक को दूसरी लेन में डायवर्ट करना पड़ा।
दो घंटे में टीम ने बारिश के बीच सड़क से मलबा हटाकर लेन को सुचारु किया। जिन जगहों पर अधिक खतरा है, वहां पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।