सोलन। जिला सोलन के दून विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनमंच में स्वास्थ्य, परिवहन और सड़क की समस्याओं का मुद्दा गूंजा। कार्यक्रम में कुल 74 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 47 का मौके पर निपटारा किया गया।
वहीं अन्य समस्याओं को समय पर निपटाने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इस जनमंच की अध्यक्षता उद्योग, परिवहन, श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ने की। जिला में अब तक आयोजित 19 जनमंच में कुल 5318 शिकायतें और मांगे प्राप्त हुईं। इनमें से 1562 शिकायतों में से 1561 का निपटारा कर दिया गया जबकि प्राप्त 3756 मांगों में से 3033 का निपटारा कर दिया गया है।
ये प्रमाण पत्र बनाए गए
बनलगी जनमंच में दो हिमाचली प्रमाण, 11 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। इसी के साथ 21 व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई जबकि 13 अन्य प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस दौरान 14 लोगों का आधार, दो हलफनामे और 21 इंतकाल किए गए। हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत पांच पात्र परिवारों की कागजी कार्रवाई पूरी की गई।
जनमंच में हुए कोविड टेस्ट
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नि:शुल्क जांच शिविर में 184 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 30 व्यक्तियों के नेत्र जांच, 40 व्यक्तियों के एक्सरे, 31 व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत योजना के तहत 15 व्यक्तियों का नामांकन किया गया। वहीं जनमंच में पहली बार कोविड-19 परीक्षण एवं बचाव टीकाकरण भी किया गया गया। इस दौरान पांच व्यक्तियों को कोविड-19 से बचाव के लिए पहली खुराक और 17 व्यक्तियों को दूसरी खुराक दी गई। कोरोना संक्रमण जांच के तहत पांच व्यक्तियों का रैट परीक्षण किया गया।
ये रहे मौजूद
जनमंच कार्यक्रम के दौरान दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, बीडीसी धर्मपुर की अध्यक्ष जमना ठाकुर, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य गोपाल ठाकुर, उपायुक्त कृतिका कुल्हारी, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।