Truck stolen from Bohari village of Nalagarh found in Sonaval village in Punjab
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के जोघों चौकी के तहत बोहरी गांव से चोरी हुआ ट्राला पुलिस ने पंजाब के सानेवाल से बरामद कर लिया है। शुक्रवार रात यह ट्राला घर के आगे से चोरी हो गया था। इसे जोघों पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार बोहरी गांव के संजीव कुमार ने अपना ट्राला घर के आंगन में खड़ा किया था। रात को 11 बजे तक ट्राला आंगन में था लेकिन सुबह जब सात बजे उठे तो ट्राला गायब था। संजीव कुमार ने इसकी शिकायत जोघों पुलिस को दी।
ट्रक में जीपीएस लगा था जिसकी लोकेशन पंजाब के सानेवाल में आ रही थी। चौकी प्रभारी दलीप सिंह तोमर, मुख्य आरक्षी दीवान, आरक्षी सुरेश व संदीप की टीम पंजाब के सानेवाल गए। यह ट्रक चोरों ने सानेवाल में रात्रि दो बजे खड़ा कर दिया था।
उसके बाद इसकी लोकेशन यहीं आ रही थी। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्राले को कब्जे में ले लिया है। चोर डुप्लीकेट चाबी लगाकर इसे चुराने में कामयाब हुए। आरोपी पुलिस को देख फरार हो गए।