सोलन मालरोड पर सड़क किनारे पार्क दो पहिया वाहन व लगा जाम। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। शहर में दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग नहीं है। करीब 45 हजार वाहन पंजीकृत हैं और इन्हें सड़क किनारे खड़ा किया जा रहा है। इससे अकसर जाम की स्थिति बन जाती है। लोग मजबूरी में पुराना बस स्टैंड, सेंट ल्यूक्स, माल रोड और डीसी चौक से लेकर सपरून चौक तक दोपहिया वाहनों पार्क कर रहे हैं।
यह आलम शहर के मालरोड पर भी है। शहर के मुख्य बैंक, स्कूल, अन्य सरकारी और निजी कार्यालय मालरोड पर ही स्थित हैं। दोपहिया वाहनों के सड़क पर खड़े होने से जहां पुलिस प्रशासन परेशान हैं वहीं स्थानीय दुकानदार भी दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं। दुकानदारों का कहना है कि दोपहिया वाहन मालिक सड़क पर दुकान के बाहर वाहन लगाकर चले जाते हैं। इससे ग्राहकों को भारी परेशानी होती है और मालरोड पर जाम लग जाता है। नगर निगम को शहर में चंडीगढ़ के स्तर पर पार्किंग बनानी चाहिए। इससे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
उधर, नगर निगम मेयर पूनम ग्रोवर ने कहा कि शहर में जगह के हिसाब से दोपहिया पार्किंग बनाई जाएगी। ताकि लोगों को समस्या का सामना न करना पड़े। शहर में पार्किंग बनाने का कार्य चल रहा है।
इनसेट
पैदल चलने वाले भी होते हैं परेशान
शहर के मालरोड पर पहले ही यातायात बुरी तरह प्रभावित रहता है। बाइक और स्कूटर के सड़क किनारे खड़े होने से पैदल चलने वालों को परेशानी होती है। शहर में मौजूदा समय में लोग सैनिक रेस्ट हाउस के सामने, गर्ल्स स्कूल के नीचे, डीसी चौक, आनंद कांपलेक्स के बाहर, रेलवे लाइन मार्ग पर, सन्नी साइड मार्ग और धोबीघाट रोड पर वाहन खड़े करते हैं।