सोलन के लक्कड़ बाजार स्थित इस दूकान से की गई चोरी। संवाद
कई महंगे मोबाइल, स्मार्ट वॉच समेत सामान लेकर युवक फरार, घटना सीसीटीवी में कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के लक्कड़ बाजार स्थित एक मोबाइल की दुकान में अज्ञात युवक ने चोरी की। घटना मंगलवार देर रात की है। चोर औजार से शटर की कुंड़ी तोड़कर दुकान में दाखिल हुआ और यहां चोरी की। यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दुकान मालिक शुभम बंसल ने बताया कि उन्हें चोरी की जानकारी सुबह 6:30 बजे लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन पर सूचना दी। शुभम ने बताया कि दुकान से चोर एप्पल के 35 मोबाइल और स्मार्ट वॉच समेत मोबाइल एसेसरीज ले गया। उनके अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत 7 से 8 लाख रुपये है।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी में चोर का चेहरा आया है वह जल्द पुलिस की हिरासत में होगा।