धर्मपुर, अर्की, नालागढ़ शिक्षा खंड में होगी कार्यशाला
डाइट सोलन की ओर से 540 अध्यापकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा को रोचक बनाने पर भी होगी चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्री प्राइमरी स्कूलों में छोटे बच्चों को बढ़ाने के लिए जेबीटी शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में इन कार्यशालाओं का आयोजन शिक्षा खंड धर्मपुर, अर्की और नालागढ़ में किया जाएगा। जिसमें 540 शिक्षक भाग लेंगे। इसमें डाइट सोलन की ओर से शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में प्री प्राइमरी शिक्षकों को खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बच्चों का शारीरिक, सामाजिक, भाषाई, बौद्धिक, भावनात्मक और सृजनात्मक विकास करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। अध्यापकों द्वारा बच्चों के लिए शिक्षण सामग्री तैयार की जाएगी और बच्चों के साथ उसका उपयोग कैसे किया जाए, इस पर चर्चा की जाएगी। डाइट की ओर से जिला समंवयक विनय शर्मा ने अध्यापकों से आग्रह किया कि वह अभिभावकों को ज्यादा संख्या में सरकारी स्कूलों में बच्चों को प्री प्राइमरी कक्षाओं में भर्ती करवाने के लिए प्रेरित करें। कार्यशाला 25 सितंबर से शुरू की जाएगी। यह कार्यशाला पांच दिन तक चलेगी।
उधर, डाइट सोलन के प्रिसिंपल एवं समग्र शिक्षा के जिला प्रभारी डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को अभी स्कूल पूर्व शिक्षा दी जाती है। बच्चों को केंद्र में बैठने की आदत के साथ-साथ विभिन्न तरीके से जीव-जंतुओं की जानकारी दी जाती है। बच्चे जीव-जंतु और पशुओं के चित्र देखकर उत्साहित होते हैं और उसकी जानकारी हासिल करते हैं, लेकिन अब प्री-प्राइमरी के तहत बच्चों के लिए और बेहतर पढ़ाई की व्यवस्था की जाएगी। जिसके लिए अध्यापकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।