लोगों को अंधेरे में करनी पड़ी आवाजाही, हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी के वार्ड-09 में स्थित दशहरा मैदान पर सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक, धार्मिक संस्थाओं द्वारा रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की पूर्व संध्या पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी, वार्ड-9 के पार्षद सुरजीत चौधरी, मनोनीत पार्षद राहुल बंसल व कुलदीप सिंह समेत सैकडों की संख्या में लोग उपस्थित हुए। परंतु कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए लोगों को हाउसिंग बोर्ड फेस तीन की रिहायशी कॉलोनी की गलियों में लगी स्ट्रीट लाइट बंद होने के चलते कार्यक्रम तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्थाओं के पदाधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व ही उन्होंने कार्यक्रम की सूचना दे दी थी और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को इसकी जानकारी थी। लेकिन इन खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करवाने की किसी ने जहमत नहीं उठाई। शहर की सबसे व्यस्त कॉलोनी इसी वार्ड में है, परंतु फिर भी इस वार्ड की दुर्दशा बनी हुई है। जबकि इसी वार्ड से पार्षद सहित सरकार द्वारा दो पार्षद भी इसी वार्ड से मनोनीत किए हुए हैं।
उधर, गलियों में अंधेरा होने पर वार्ड निवासी, अंकुश, दीपक, चौरसिया, मनोज, तिवारी, ममता, वीणा, पूनम, अर्चना, काजल, सोनाक्षी, अंजना सहित अन्य मौजूद लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब परिषद के पदाधिकारियों व बोर्ड को पहले पता था कि इतना बड़ा कार्यक्रम होना है तो उन्हें इसे ठीक करवाना चाहिए था।
उधर, इस बारे में नप बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी ने कहा कि जल्द ही बंद पड़ी लाइटों को ठीक करवाया जाएगा।