जिले से आज जरूरत के अनुसार भेजी जाएंगी एचआरटीसी की बसें
परिवहन डिपो ने कसी कमर, अधिकारी भीड़ पर रख रहे नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिवाली को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम सोलन डिपो ने कमर कस ली है। निगम ने जिला से 10 और 11 नवंबर को अलग-अलग जगह पर एचआरटीसी बसें चलाने की योजना बनाई है। बाकायदा इसके लिए निगम ने बद्दी में एक विशेष बस भेज दी है, जबकि एक और बस शनिवार को बद्दी भेज दी जाएगी। बद्दी से चंडीगढ़, धर्मशाला, कांगड़ा व जरूरत के हिसाब से अन्य जिलों में बसें चलाने की योजना है। जिला के भीतर सबसे अधिक कामगार बद्दी क्षेत्र में हैं। डिपो सबसे अधिक बसें चलाने के लिए यहीं पर फोकस किए हुए है। इसके अलावा शिमला से चलने वाली बसें भी सोलन के लिए संजीवनी हैं।
डिपो के अधिकारी बस स्टैंड पर अपनी नजर जमाए हुए हैं। यदि जरूरत पड़ी तो यहां पर भी अतिरिक्त बसें तैनात कर दी जाएंगी। दीपावली के लिए यहां पर शिमला के लिए बसें चलाने की योजना है। इसके अतिरिक्त शिमला से हरिद्वार के लिए दो अतिरिक्त बसें चलाई गई हैं। इन बसों में भी इन दिनों खूब सवारियां बैठ रही हैं।
इनसेट
जिला की स्थिति पर अधिकारियों की नजर
सोलन एचआरटीसी डिपो के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार वे लगातार सोलन जिला में अपनी नजर बनाए हुए हैं कि कहां अधिक भीड़ है। कहा स्थिति कंट्रोल में है। इसी को देखते हुए विभाग तय करेगा कि कहां कितनी बसें भेजनी हैं। विशेषकर सोलन बस स्टैंड पर अधिकारी लगातार मुआयना कर रहे हैं।
इनसेट
अतिरिक्त बसें चलाई जा रहीं
दिवाली रविवार को है। ऐसे में जिला के भीतर आने वाले व बाहर जाने वाले बहुत लोग होते हैं। इसी को देखते हुए सोलन एचआरटीसी डिपो ने जिला से बाहर अलग-अलग क्षेत्र के लिए बसें चलाने की योजना बनाई है। इसमें सोलन से शिमला, बद्दी से धर्मशाला, कांगड़ा या अन्य जगहों पर भी अतिरिक्त बसें 10 और 11 नवंबर चलाई जा रही हैं।
-प्रिय रंजन, आरएम सोलन