पटाखे से झुलसने समेत अन्य आपातस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयारचिकित्सक समेत पेरामेडिकल स्टाफ की बनाई टीम, हाई अलर्ट पर अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। त्योहारों में भले ही अस्पताल में ओपीडी कम हो गई हो, लेकिन दिवाली के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अलग से टीम का गठन कर दिया है। आपातकालीन कक्ष में यह टीम 24 घंटे ड्यूटी देगी। इस टीम में चिकित्सक समेत पैरा मेडिकल स्टाफ भी रखा गया है। वहीं आपातकालीन कक्ष में दवाओं का स्टॉक भी भर लिया है। इस दौरान कई चिकित्सकों को आपात स्थिति के अनुसार ऑन कॉल भी सेवाएं देने के लिए कहा गया है।
गौर रहे कि दिवाली को लेकर सभी विभागों को अलर्ट किया गया है। वहीं स्वास्थ्य महकमे को भी कमर कसने के लिए कहा गया है। अस्पताल में पटाखों की चपेट में आकर झुलसने के मामले आपातकालीन कक्ष में आते हैंं। इसे देखते हुए अलग से टीम महकमे ने तैयार कर दी है। टीम को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। इसी के साथ अस्पताल में एक अलग से वार्ड भी तैयार किया गया है, जहां पर झुलसने से संबंधित आने वाले मामलों को उपचार दिया जाएगा। इस वार्ड में सभी आवश्यक दवाओं की पूर्ति की गई है। वहीं ऑक्सीजन सिलिंडरों की आपूर्ति भी की गई है।
इनसेट
सांस की बीमारी से ग्रसित मरीजों के लिए भी टीम गठित
सांस की बीमारी से ग्रसित होकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को तुरंत उपचार देने के लिए भी अलग से टीम बनाई गई है। यह टीम भी 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेगी। खासकर दिवाली के दिन इस टीम को तैनात किया गया है क्योंकि पटाखों के धुएं से सांस की बीमारी से ग्रसित मरीजों को काफी दिक्कत पेश आती है। ऐसे में मरीज अस्पताल पहुंचते हैं। जिनके लिए भी वार्ड में ऑक्सीजन सिलिंडरों को रिजर्व में रख लिया गया है।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में दिवाली को लेकर टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की भी आपूर्ति कर ली है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को तुरंत उपचार की सुविधा देने के लिए कहा है। अलग से भी वार्ड तैयार किया गया है। -एमएस, डॉ. एसएल वर्मा