सोलन। जिले में महाशिवरात्रि पर्व पर मंदिरों में काफी धूम रही। शिव के दर्शन करने के लिए सुबह पांच बजे से ही भक्तों का शिवालयों में हुजूम उमड़ गया। दिनभर लोगों ने बम-बम भोले के जयकारे लगाकर मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन किए।
एशिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर जटोली में भी दिनभर लोगों की कतारें लगी रहीं। इसके साथ कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पट्टा का मोड़ और अर्की उपमंडल के लुटरु महादेव मंदिर में भी लोगों ने भगवान शिव के दर्शन किए। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने धरोल मंदिर में शीश नवाया।
लोगों ने भगवान शिवशंकर की कृपा प्राप्त करने के लिए व्रत धारण किए। शिवलिंग पर लोगों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा और जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और कोरोना से देश को मुक्त करने की कामना की। कोरोना के बीच दो वर्ष बाद मंदिरों समेत जगह-जगह पर भक्तों ने भंडारा लगाकर प्रसाद वितरित किया। कई जगहों पर मेले भी लगाए गए। शिव मंदिर मेला कमेटियों की ओर से सामाजिक दूरी, मास्क पहनकर और सरकार के नियमों की पालना का आग्रह किया गया।
जिला मुख्यालय के नर्सिंग मंदिर, सलोगड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर समेत अन्य जगहों पर मंदिरों में लोगों की भीड़ लगी रही। दयानन्द आदर्श विद्यालय के आर्य समाज भवन में शिवरात्रि को लेकर ऋषिबोध उत्सव का भी आयोजन किया गया।
सिरीनगर शिवालय में लगा तांता
कंडाघाट (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट के सिरीनगर गांव के शिवालय में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। शिवरात्रि पर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्र से लोग शिव के दर्शन करने के लिए पहुंचे। गौरतलब है कि इन दिनों प्राचीन शिव मंदिरों में शिवमहापुराण की कथा का आयोजन किया जा रहा है। पुराण कथावाचक आचार्य विक्रांत शर्मा ठंडु प्रतिदिन शिवमहापुराण कथा और प्रवचन कर ज्ञानगंगा से शिव की महिमा का गुणगान कर रहे हैं।
प्राचीन शिव मंदिर में सजा मेला
धर्मपुर (सोलन)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर पट्टा का मोड़ में मेले का आयोजन किया गया। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग 50 वर्षों से हर वर्ष महाशिवरात्रि पर मंदिर में कार्यक्रम का आयोजित किए जाते हैं।
मंदिर कमेटी की ओर से की महाशिवरात्रि पर विशेष इंतजाम किया जाता है। यहां पर मंगलवार को लोगों ने सुबह से कतारों में लगकर भगवान भोले शंकर के दर्शन किए। मंदिर कमेटी के प्रधान सुधीर अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में कोरोना नियमों की पालना के साथ शिव दर्शन करवाएं गए। वहीं हाईवे पर लोगों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
कुनिहार के मंदिरों में लोगों ने किए भगवान शिव के दर्शन
कुनिहार (सोलन)। शिवरात्रि पर्व कुनिहार क्षेत्र में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। क्षेत्र के प्राचीन शिव तांडव गुफा, शिव मंदिर तालाब, प्राचीन शिव मंदिर हाटकोट, शिव गुफा डयारस, शिव मंदिर हरिपुर आदि मंदिरों में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।
सबसे ज्यादा भीड़ प्राचीन शिव तांडव गुफा में देखने को मिली। शिव गुफा समिति के प्रधान रामरतन तंवर ने बताया कि शिव तांडव गुफा प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए विशेष भक्ति का केंद्र बन गया है। पिछले कई वर्षों से समिति द्वारा शिव महापुराण कथा के आयोजन से महाशिवरात्रि पर्व की महत्ता और भी बढ़ गई है।
मालरोड़ पर निकली शिव बारात में शिव, पार्वती के भेष में बहरूपिए।- फोटो : SOLAN
जटोली मंदिर का अद्भुत नजारा। संवाद- फोटो : SOLAN
शिव ताड़व करते हुए।- फोटो : SOLAN
पट्टा का मोड़ में मेले के दौरान उमड़ी भीड़। संवाद- फोटो : SOLAN