संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। रोपड़ (पंजाब) के दुगरी गांव के एक व्यक्ति को फर्जी दोस्त बताकर उसके खाते से 50 हजार रुपये ठग लिए। नालागढ़ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुगरी गांव के व्यक्ति रोहित कुमार ने बताया कि उसे 16 मई को एक फोन आया कि वह अमेरिका से उसका दोस्त चम्मी बोल रहा है। जब उसने कहा कि वह किसी चम्मी को नहीं जानता तो उसने बताया कि वह उसके गांव के समीप रहता है।
वर्तमान में वह अमेरिका में है। उसने छानबीन की तो चम्मी नाम का युवक सही में अमेरिका में रहता है। उसने बताया कि उसे अपने घर पैसा भिजवाना है और उसे अपना बैंक खाता नंबर दो। उसने खाता नंबर दे दिया।
कुछ समय के बाद उसने मोबाइल पर रसीद भेजी कि उसके खाते में 9.23 लाख रुपये भेज दिए हैं। उसके बाद उसे सतविंद्र नाम के व्यक्ति का फोन आया कि आपके खाते में यह पैसा किसने डाला है। उसने बताया कि यह उसके दोस्त ने डाला है। खुद को मैनेजर बताने वाले सतविंद्र ने बताया कि यह पैसा उनके खाते में 24 मई के बाद आएगा।
शाम को चम्मी का दोबारा फोन आया कि उसे चार लाख रुपये वापस भेज दो। उसने कहा कि 24 मई से पहले इससे पैसा नहीं निकलेगा। तब उसने कहा कि उसे 50,000 रुपये भेज दो। यह पैसा उनके दिए पैसों से निकाल लेना।
उसने पैसे डाल दिए लेकिन उसे शक हुआ कि वह चम्मी नहीं कोई और व्यक्ति था और उसके साथ 50,000 रुपये की धोखाधड़ी कर गया। डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।