सोलन। कोविड के बीच कंप्यूटर, साइंस लैब, मोबाइल डिजिटल कक्षा और स्पोर्ट्स चार्ज वसूल करने पर निजी स्कूल के खिलाफ अभिभावक भड़क उठे हैं। शहर के नामी सेंट ल्यूक्स स्कूल के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने कोविड के बीच फीस वसूली पर रोक लगाने की मांग उठाई है।
अभिभावकों ने कहा कि कोविड के बीच स्कूल बंद है। बच्चे सांइस, कंप्यूटर समेत स्पोर्ट्स में भाग नहीं ले रहे हैं, ऐसे में इनका चार्ज वसूल नहीं किया जा सकता। इसकी शिकायत अभिभावकों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी दी थी। इसके बाद उपायुक्त सोलन ने शिक्षा विभाग को इसकी जांच के आदेश भी दिए। वीरवार को शिक्षा उपनिदेशक की टीम ने भी स्कूल का निरीक्षण कर फीस बुक की रिपोर्ट तैयार की है। इसे उपायुक्त सोलन को सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार स्कूल पीटीए अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, अभिभावक शोभित आनंद, पवन ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, नवीन आनंद, जतिन सूरी, पूनम चौहान, पूजा राणा, रजनीश गुप्ता, गौरव ठाकुर ने कहा कि कोविड के बीच कंप्यूटर, साइंस लैब, मोबाइल डिजिटल कक्षा और स्पोर्ट्स चार्ज वसूल करने को लेकर वीरवार को स्कूल प्रधानाचार्य से मुलाकात करनी चाही लेकिन उन्हें स्कूल के अंदर भी प्रवेश नहीं करवाया गया।
करीब एक घंटा बाद उपनिदेशक शिक्षा विभाग के पहुंचने के बाद उन्हें स्कूल के अंदर बुलाया गया। अभिभावकों का कहना है कि जब स्कूल में कोई गतिविधि नहीं हो रही है तो फिर वार्षिक फीस लेने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि वह हर महीने ट्यूशन फीस दे रहे हैं लेकिन बच्चे जिन वस्तुओं को प्रयोग ही नहीं कर रहे, उसका चार्ज क्यों दें।
उपनिदेशक उच्च शिक्षा सोलन जगदीश नेगी ने कहा कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से फीस बुक के बारे में पूछताछ की है जिसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट उपायुक्त सोलन को सौंपी जाएगी।