सोलन/परवाणू/धर्मपुर। जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने आए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का हिमाचल के प्रवेश द्वार परवाणू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अनुराग ठाकुर के परवाणू पहुंचने से पहले भारी संख्या में लोग उनके इंतजार में खड़े रहे। उनके स्वागत के लिए नारे लगाते नजर आए। सोलन जिला मुख्यालय स्थित विश्राम गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। अनुराग के परवाणू पहुंचने पर कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। अनुराग विशेष रथ में सभा स्थल तक आए।
हालांकि परवाणू में भारी बारिश के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश भी कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं कर पाई। यहां स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने अनुराग ठाकुर का स्वागत किया। ठाकुर ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का धन्यवाद कर कहा कि इतनी बारिश के बावजूद जनता टस से मस नहीं हुई। यह सीधा संदेश है कि हमारी सरकार एक बार फिर चुन कर आएगी।
अनुराग ने कहा कि जन आशीर्वाद रैली से हम जनता का आशीर्वाद लेकर आने वाले उप चुनाव में भी जीतेंगे। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, पुरुषोत्तम गुलेरिया, परमजीत सिंह (पम्मी), केएल ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष डेजी ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद व अन्य लोग मौजूद रहे।
धर्मपुर में भी कार्यकर्ताओं ने अनुराग का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर संजीव कश्यप, कपूर सिंह वर्मा, राजकुमार सिंगला, सुंदरम ठाकुर, मदन मोहन मेहता, संजय ठाकुर, कल्पना गर्ग, बिल्लो नेगी, कमलेश कुमारी, लाज किशोर अत्रि, चरण यादव, चंदन शर्मा, अमित कुमार, मदन शांडिल, सुरेंद्र ठाकुर मौजूद रहे।